जुन्गा (शिमला)। गणतंत्र दिवस समारोह के कार्यक्रमों की श्रृंखला में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की वीरगाथा प्रतियोगिता 5.0 में जुन्गा के शौर्य ठाकुर ने टॉप-100 में स्थान प्राप्त किया है। इस प्रतियोगिता का आयोजन केंद्र सरकार के रक्षा और शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त तत्वाधान में किया था। इसमें पूरे देश के 1.92 करोड़ बच्चों ने भाग लिया था। प्रतियोगिता में शौर्य ठाकुर ने परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बतरा के बलिदान और पराक्रम पर आधारित हृदयस्पर्शी कविता लिखी। इसके मूल्यांकन पर शौर्य ठाकुर को राष्ट्रीय स्तर पर टॉप-100 में स्थान प्राप्त हुआ है। गणतंत्र दिवस पर रक्षा और शिक्षा मंत्रालय द्वारा उन्हें 10 हजार के नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। शौर्य ठाकुर जुुन्गा के भड़ेच गांव के रहने वाले हैं। इनके पिता अशोक ठाकुर और माता सुजाता ठाकुर यूएई मेें रहते हैं। तहसीलदार जुन्गा कार्तिकेय शर्मा, पंचायत प्रधान जुन्गा बंसीलाल कश्यप और प्रधान भड़ेच पंचायत मदनमोहन ठाकुर सहित अनेक लोगों ने शौर्य ठाकुर की इस अनूठी उपलब्धि पर अभिभावकों को बधाई दी है। संवाद