शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला के छात्रावासों से सटे पॉटर हिल संरक्षण क्षेत्र में छात्रों की एंट्री फीस और सुविधाओं को लेकर शुक्रवार को चीफ वार्डन कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में वन विभाग के अधिकारियों के अलावा एसएफआई, एबीवीपी, एनएसयूआई, शोधार्थी संघ के प्रतिनिधि, सभी छात्रावासों के वार्डन, डीन फैकल्टी ऑफ लॉ प्रो. ललित मोहन सिंह डडवाल, मुख्य सुरक्षा अधिकारी जीडी शर्मा और प्लाटून कमांडर मौजूद रहे। चीफ वार्डन प्रो. आरएल जिंटा ने छात्रों पर लगाए 20 रुपये प्रवेश शुल्क पर चिंता जताई। उन्होंने वन विभाग से छात्रों को खेल मैदान तक बिना शुल्क प्रवेश देने का आग्रह किया। चीफ वार्डन ने कहा कि छात्रावासों के गेट रात 10 बजे बंद हो जाते हैं और बाहरी लोगों की गतिविधियों पर रोक लगाने में विश्वविद्यालय सहयोग करेगा। वन विभाग के रेंज अधिकारी ने कहा कि 20 रुपये शुल्क में छूट और छात्रों को रोजाना मैदान तक निशुल्क प्रवेश देने का मामला उच्च अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। संवाद