शिमला। सांगटी-सन्होग सड़क की पांच साल से मेटलिंग नहीं हो पाई है। मेटलिंग न होने के कारण पंचायत के सैकड़ों लोग परेशान हो रहे हैं। ग्रामसभा में ग्रामीणों ने मांग की इस सड़क की जल्द मेटलिंग करवाई जाए। पंचायत के लोगों ने बताया कि लंबे समय से यह समस्या चली आ रही है। ऐसे में मौजूदा समय में सड़क की हालत काफी खराब है। वहीं बरसात के दौरान स्थिति और अधिक खराब हो रही है। इसके अलावा पार्किंग की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से सभा में उठाया। ग्रामीणों ने कहा कि पर्याप्त पार्किंग सुविधा नहीं होने के कारण वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करना पड़ता है। इसी तरह बंदरों के बढ़ते आतंक और लोगों पर हमलों की घटनाओं को लेकर भी ग्रामीणों ने चिंता जताई। ग्राम सभा में मौजूद बढ़ई वार्ड से जिला परिषद सदस्य प्रियंका तंवर ने बताया कि सांगटी से नेरी तक करीब छह किलोमीटर सड़क कच्ची है। इसके लिए टेंडर लगाकर काम जल्द शुरू करवाया जाएगा। इस अवसर पर प्रधान चमन और उपप्रधान युगल भी मौजूद रहे। संवाद