शिमला। विश्व हिंदू परिषद ने शिमला में मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। इस संबंध में परिषद के सदस्यों ने सोमवार को एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) पंकज शर्मा से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। परिषद ने मंदिरों में सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की। परिषद के सदस्य विजेंद्र पाल सिंह ने कहा कि शहर के संकट मोचन हनुमान मंदिर में शनिवार रात चोरी की घटना सामने आई है। इस घटना ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। परिषद ने मंदिर में हुई चोरी की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग की है। परिषद ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरी में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी उठाई। संवाद