शिमला। शहर के कई इलाकों में सफाई व्यवस्था ठप हो गई है। रुल्दुभट्ठा वार्ड के मिनी कुफ्टाधार इलाके में कचरे के ढेर लगे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार नाले में जगह-जगह कचरा फेंका जा रहा है। कई घरों से उठाया जा रहा कचरा भी नाले में डंप हो रहा है। इसकी शिकायत भी लोगों ने नगर निगम को कर दी है। निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चेतन चौहान की अगुवाई में एक टीम भी सोमवार को इस क्षेत्र के दौरे पर पहुंची थी। लोगों का कहना है कि खुले में कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई की जाए। इसके अलावा नगर निगम के कर्मचारियों को भी रोजाना घरों से कूड़ा उठाने के निर्देश जारी किए जाएं। शहर के मैहली चौक पर भी सोमवार शाम तक कचरे के ढेर लगे रहे। पूर्व डिप्टी मेयर राकेश शर्मा ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था ठप है। हफ्ते के पहले ही दिन सोमवार को भी मैहली से कचरा नहीं उठा है। नालियों में जगह जगह कचरा पड़ा हुआ है। पूर्व डिप्टी मेयर ने नगर निगम महापौर से मांग की है कि अधिकारियों को फील्ड में उतारा जाए ताकि शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर हो सके।