शिमला। राजधानी के लोअर लक्कड़ बाजार में तीन दिन से कूड़ा नहीं उठाया गया है। इससे स्थानीय लोगों, कारोबारियों और यहां से आवाजाही करने वाले लोगों को गंभीर परेशानी हो रही है। बाजार के बस स्टैंड सहित कई स्थानों पर कचरे के बड़े-बड़े ढेर जमा हो गए हैं। इन ढेरों के कारण आवाजाही में भी बाधा आ रही है। रोजाना सैकड़ों लोग और हजारों वाहन इस व्यस्त मार्ग से गुजरते हैं। कूड़े के कारण पूरे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। लक्कड़ बाजार के पूर्व पार्षद और वर्तमान व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव ठाकुर ने इस स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों से पूरे लक्कड़ बाजार क्षेत्र से कूड़ा नहीं उठा है। संजीव ठाकुर ने कहा कि जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। उन्होंने नगर निगम से यहां नियमित रूप से कूड़ा उठवाने की अपील की। ठाकुर ने जोर दिया कि निगम को तत्काल सफाई सुनिश्चित करनी चाहिए। इससे आम जनता को हो रही परेशानी से मुक्ति मिलेगी। संवाद