शिमला। महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मशोबरा में यूको आरसेटी की ओर से मंगलवार से 31 दिवसीय निशुल्क सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं के रहने और खाने की व्यवस्था भी निशुल्क रहेगी।प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को सिलाई का हुनर सिखाकर आत्मनिर्भर बनाना है। कार्यक्रम पूरा होने पर प्रतिभागियों को सरकारी प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। इसके माध्यम से महिलाएं अपना स्वरोजगार शुरू करने के साथ विभिन्न संस्थानों में रोजगार के अवसर भी तलाश सकेंगी। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को सलवार-सूट, अनारकली सूट, रेजता, जैकेट, पेंट, शर्ट, घाघरा और अफगानी सूट सहित विभिन्न परिधानों की सिलाई सिखाई जाएगी। प्रशिक्षण में 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिलाएं भाग ले सकती हैं। संस्था के समन्वयक प्रवीण शर्मा ने महिलाओं से इस निशुल्क प्रशिक्षण का लाभ उठाने और अपने हुनर को स्वरोजगार में बदलने की अपील की है। संवाद