होली के दिन बुधवार को शिमला जिले के नेरवा और सिरमौर जिले में पांवटा के धौलाकुआं में हुए सड़क हादसों में छह युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने मामले दर्ज कर दोनों हादसों के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। हादसों के चलते होली की खुशियां गम में बदल गईं। डीएसपी चौपाल राजकुमार ने बताया कि नेरवा से पांच किलोमीटर दूर केदी के निकट ऑल्टो कार में सवार सभी पांच लोग कनाहाल से नेरवा की ओर आ रहे थे।
बाबली ढांक में कार दुर्घटनाग्रस्त होकर 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में अक्षय (18) पुत्र ओम प्रकाश निवासी भरटाओं, ऋतिक (18) पुत्र संत राम, निवासी पवान, आशीष (19) पुत्र अमर सिंह निवासी शिरीन और लकी (23) की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से मृतकों को खाई से निकाल कर सिविल अस्पताल नेरवा पहुंचाया।
उधर, पांवटा साहिब-कालाअंब एनएच-7 पर धौलाकुआं के समीप एक वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। मृतकों में अजय (25), पुत्र रणवीर, निवासी भारापुर, पांवटा और मनदीप (26), पुत्र किशन लाल निवासी बिजलाई, तहसील बिलासपुर, जिला यमुनानगर, हरियाणा शामिल हैं। घायल अमित (22) निवासी भारापुर, पांवटा का उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि बाइक को हिट करने के बाद वाहन चालक नाहन की तरफ भाग गया।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, मांगी निष्पक्ष जांच
मृतक अजय के बड़े भाई शिव कुमार ने बताया कि अजय अपने दोस्तों अमित, प्रदीप, मोहित और मनदीप के साथ होली खेलने गए थे। इसके बाद टोकियों बाता नदी में नहाने चले गए। वहां कुछ लोगों ने उनसे मारपीट की थी।
शिव कुमार का आरोप है कि मारपीट के आरोपी लड़कों ने ही बाद में वाहन से धौलाकुआं के समीप बाइक को टक्कर मार दी। उन्होंने पुलिस से इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। डीएसपी पांवटा साहिब रमाकांत ठाकुर ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। माजरा थाना पुलिस हादसे की हर पहलू से जांच कर रही है।