शिमला। राजधानी के ऑकलैंड हाउस स्कूल फॉर बॉयज में शनिवार को वार्षिक कार्निवल का आयोजन किया गया। कार्निवल के लिए विद्यालय परिसर को आकर्षक गेम स्टॉल, फूड कोर्ट और खेलकूद गतिविधि के लिए विशेष रूप से सजाया था। कार्निवल में छात्रों और अन्य लोगों के लिए डिप द कॉइन, पॉप द टिंस, बॉल थ्रू द टायर, पास द की, रोलिंग द डाइस, लकी डिप और तंबोला जैसे मनोरंजक खेलों का आयोजन किया था। कार्निवल में लगे फूड स्टॉल में भी छात्रों और लोगों ने लजीज व्यंजनों का आनंद उठाया। कार्निवल में मोमोज, पाव भाजी, गोलगप्पे, बर्गर, पिज्जा, पास्ता, कैंडी फ्लॉस, आइसक्रीम और चाट आदि के स्टॉल लगे थे। कार्निवल का विशेष आकर्षण कश्मीरी हस्तशिल्प स्टॉल और सुगंधित मोमबत्तियों (सेंटेड कैंडल्स) का स्टॉल रहा। कार्यक्रम में सेंट थॉमस स्कूल की पूर्व प्रधानाचार्य विदुप्रिया चक्रवर्ती ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। अध्यापिका रिजांजली ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। संवाद