शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और रियायती दरों पर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को डीन छात्र कल्याण प्रो. आरएल जिंटा ने निरीक्षण दल के साथ परिसर की दुकानों और ढाबों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और दुकानदारों की ओर से ली जा रही कीमतों की जांच की। डीन छात्र कल्याण ने सभी दुकानदारों और ढाबा संचालकों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित दरों से अधिक मूल्य वसूलने की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संवाद