हिमाचल प्रदेश के कॉलेजों में शनिवार को यूजी प्रथम वर्ष में प्रवेश की पहली मेरिट सूची जारी की गई। एचपीयू शिमला और एसपीयू मंडी से संबद्ध निजी और सरकारी डिग्री कॉलेजों में मेरिट जारी हुई है। इसे वेबसाइट पर अपलोड किया है। 30 जून से आठ जुलाई तक ऑनलाइन भरे गए आवेदनों के बाद शाम पांच बजे जारी पहली मेरिट में शामिल छात्र छात्राओं को 10 से 12 जुलाई तक फीस जमा करवाने को कहा है। 12 जुलाई को शाम पांच बजे यूजी प्रथम वर्ष में रिक्त रही सीटों के लिए कॉलेज दूसरी मेरिट जारी कर देंगे।
13-14 जुलाई को फीस जमा होगी। 15 से 17 जुलाई को कॉलेजों में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किए जाएंगे आैर 18 से नए सत्र की कक्षाएं शुरू होंगी। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय और सरदार पटेल विश्वविद्यालय से संबद्ध हुए सभी डिग्री कॉलेजों में शिक्षा विभाग के तय शेड्यूल के अनुसार ही पहली मेरिट जारी की गई है। आगे की प्रक्रिया भी इसी क्रम में आगे बढ़ेगी।
द्वितीय और तृतीय वर्ष में नाममात्र प्रवेश
राजधानी शिमला सहित प्रदेश भर के कॉलेजों में नए सत्र में प्रवेश लेने के लिए प्रथम वर्ष में प्रवेश को छात्र-छात्राओं ने खासी रुचि दिखाई है, लेकिन स्नातक डिग्री कोर्स के द्वितीय और तृतीय वर्ष में बिना पिछले परिणाम के होने वाले रोल ऑन प्रवेश में पुराने छात्र छात्राओं ने कम रुचि दिखाई है। अधिकतर कॉलेजों में नाम मात्र विद्यार्थियों ने ही अगली कक्षा में प्रवेश को आवेदन किया है। इस स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग को द्वितीय और तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए रोल ऑन एडमिशन की समय सीमा बढ़ाने और इसके लिए कॉलेजों के पोर्टल खुले रखने का निर्णय लेना पड़ेगा।
यूसीबीएस ने जारी की बीबीए प्रथम वर्ष के लिए मेरिट सूची
प्रदेश विश्वविद्यालय के एवालॉज स्थित यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ बिजनेस स्टडीज ने बीबीए कोर्स में ग्रुप डिस्कशन और इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी करने के बाद शनिवार को सब्सिडाइज्ड सीटों के लिए पहली मेरिट जारी की। इसे विवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। श्रेणीवार जारी की मेरिट में शामिल छात्र-छात्राओं को 15 जुलाई तक निर्धारित फीस जमा करवाने का समय दिया गया है। कॉलेज के निदेशक प्रो. पवन गर्ग ने बताया कि फीस जमा करने की प्रक्रिया के बाद रिक्त रहने वाली सीटों के लिए दूसरी मेरिट जारी की जाएगी।
बीएएमएस के अनुपूरक परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया की शुरू
प्रदेश विवि ने बीएएमएस कोर्स की अनुपूरक परीक्षाओं के लिए परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए पोर्टल खोल दिया गया है। परीक्षा फार्म भरने संबंधित जानकारी विवि की वेबसाइट पर अपलोड की गई है।