आग की लपटों को 35 मिनट में किया शांत
शिमला। आरकेएमवी के सैनिक छात्रावास के साथ लगते क्षेत्र में शनिवार देर शाम करीब सात बजे आग लगी गई। झाड़ियों में भड़की इस आग को छात्रावास में रह रही छात्राओं ने हिम्मत जुटाकर बुझाने का साहसी कार्य किया। वार्डन डॉ. शोभा और करीब 27 छात्राओं ने अपने छात्रावास की तीसरी तथा चौथी मंजिल से पानी फेंककर आग को बुझाया। इसमें उन्हें करीब 35 मिनट लगे। आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को भी दी थी लेकिन अग्निशमन विभाग के बचाव दल के पहुंचने तक छात्राओं ने आग को शांत कर दिया था। डॉ. शोभा ने बताया कि छात्राओं ने गजब का साहस दिखाकर अपने को सुरक्षित करते हुए आग बुझाने का कार्य किया है।