हिमाचल के चंबा जिले के उपमंडल सलूणी स्थित मुख्य बाजार में अग्निकांड हो गया। इस अग्निकांड में 13 दुकानें जल गई तो वहीं, एक मकान भी आग की भेंट चढ़ गया। अग्निकांड से करोड़ों रूपये का नुकसान हुआ है। यह अग्निकांड सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे हुआ। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन सलूणी, तीसा, सुरंगानी, बनीखेत से टीमें मौके पर पहुंची तथा आग बुझाने में जुट गई।
प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंची। नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के संबंधी आदेश राजस्व विभाग को जारी किए गए है। वहीं, आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच करने में प्रशासनिक टीम जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अग्निकांड में मदन लाल व नरेंद्र कुमार, परविंद्र कुमार, कमला, धर्म चंद, सुरिंद्र, हेम राज सुरेश कुमार, हेम राज, टेक चंद, नजकत अली, लेक राज, तिलक राज व जोगिंद्र दुकनें जली है। इसके अलावा वीरेंद्र कुमार पुत्र सिंघुराम का मकान भी आंशिक रूप से जला है।
देर रात जब बाजार में आग लगी तो चारों तरफ अफरा तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने अग्निकांड की सूचना अग्निशमन चौकी सलूणी को दी। मौके पर पहुंचकर अग्निशमन विभाग की टीम ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किए। लेकिन आग पूरी तरह फैल चुकी थी। आग को बढ़ता देख विभाग की ओर से एनएचपीसी सुरंगाणी, एनएचपीसी बनीखेत व तीसा भी गाड़ियां भेजने बारे सूचित किया।
सलूणी बाजार की अधिकांश दुकानें राख के ढेर में तब्दील हो गई। वहीं, प्रशासन की ओर से प्रभावितों को नुकसान के आकंलन के आधार पर फौरी राहत जारी कर दी है। 63 हजार रूपये की फौरी राहत प्रभावितों को जारी की गई है। शेष मुआवजा नुकसान रिपोर्ट पूरी तरह तैयार होने के बाद दिया जाएगा।