किन्नौर जिले के टापरी में दिवाली की रात भड़की आग। स्रोत : जागरूक पाठक
. पांच लाख रुपये के नुकसान का प्रारंभिक अनुमान, टापरी के याशंग और रिशाल घासनियों में भी भड़की आग
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला
(किन्नौर)। सांगला में बस अड्डे के पास रविवार रात एक चार मंजिला भवन की ऊपरी मंजिल में आग लगने से सेब की 700 खाली पेटियां जलकर राख हो गईं। आग की यह घटना रात करीब 10:00 बजे हुई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहन लेकर मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से भवन की छत को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। सांगला के तहसीलदार हरदयाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करीब पांच लाख रुपये का नुकसान सामने आया है। नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। वहीं, टापरी क्षेत्र के याशंग और रिशाल घासनी में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं। यहां शाम करीब 6:30 बजे से 7:30 बजे के बीच आग भड़क उठी। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया। कार्यवाहक वन खंड अधिकारी राजीव कायथ ने बताया कि आग बुझाने के अभियान में अग्निशमन विभाग और टापरी पुलिस के जवानों ने सहयोग किया। टापरी पुलिस से एएसआई सनी बौद्ध, आरक्षी पंकज और आरक्षी सुजल सहित टापरी, चगांव, जनकपुरी और रिशाल के स्थानीय लोगों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।