शिमला। ढली क्षेत्र में सड़क पर रेत का ढेर लगाकर यातायात बाधित करने के मामले में पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस थाना ढली में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार 8 अगस्त को ढली के इंद्रनगर गेट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर सड़क के एक हिस्से में रेत का ढेर पड़ा मिला। जांच में सामने आया कि रेत को ठेकेदार मनोज निवासी ठियोग की ओर से सड़क पर उतारा गया था। सड़क पर रेत पड़े होने के कारण मार्ग का एक हिस्सा अवरुद्ध हो गया और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे यातायात भी प्रभावित हो रहा था। पुलिस ने सड़क पर सार्वजनिक आवागमन में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि यातायात और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित करने वालों पर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। ब्यूरो