शिमला। यूको आरसेटी के मशोबरा स्थित केंद्र में महिलाओं के लिए 6 दिवसीय वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। यह प्रशिक्षण बुधवार को शुरू हुआ जिसमें प्रदेश के चार जिलों ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और किन्नौर की 28 महिलाओं ने भाग लिया है। पहले दिन पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को वित्तीय साक्षरता से संबंधित सभी विषयों की जानकारी दी जाएगी। इसमें बचत, बैंकिंग, बजट, बीमा, डिजिटल लेनदेन, ऋण और सरकारी योजनाओं की पूरी जानकारी शामिल रहेगी। पहले दिन के सत्र में महिलाओं को आरसेटी के नियमों की जानकारी दी। साथ ही संस्थान के बारे में बताया गया। संस्था के निदेशक नरेश जसवाल ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को वित्तीय रूप से जागरूक कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है ताकि वह अपने परिवार और व्यवसाय का वित्तीय प्रबंधन बेहतर तरीके से कर सकें। संवाद