शिमला। बालिकाओं के स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ शिमला रॉयल की ओर से शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मैहली में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। आईजीएमसी के सामुदायिक चिकित्सा विभाग की डॉ. परिका तंवर और डॉ. तमन्ना ने छात्राओं और शिक्षकों को व्यक्तिगत स्वच्छता, प्रजनन स्वास्थ्य तथा मासिक धर्म के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रोटरी क्लब शिमला रॉयल के अध्यक्ष इंजीनियर पंकज दड़वाल ने की। विद्यालय में इस्तेमाल किए सैनिटरी नैपकिन के सुरक्षित निपटान के लिए सैनिटरी वेस्ट इन्सिनरेटर स्थापित किया। साथ ही छात्राओं और शिक्षकों को मासिक धर्म स्वच्छता और जल संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई। शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड (एसजेपीएनएल) के साथ हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत आयोजित सत्र में राहुल शर्मा ने विद्यार्थियों को जल संरक्षण के उपाय बताए। कार्यक्रम में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 के पूर्व डिप्टी गवर्नर वीपी कालटा, डिप्टी गवर्नर सचिन वर्मा, स्कूल की प्रधानाचार्या सुमन चंदेल वर्मा, परियोजना अध्यक्ष नरेंद्र पाल और सह-अध्यक्ष पंकज चौहान सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।