हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारी अपनी ड्यूटी के साथ सामाजिक दायित्व भी बखूबी निभाते हैं। हमीरपुर में गुरुवार देर शाम को एचआरटीसी की एक बस में इसकी मिसाल देखने को मिली। चालक राकेश कुमार और परिचालक राज कुमार के प्रयासों की लोग खूब प्रशंसा कर रहे हैं। एचआरटीसी बस में सफर कर रही महिला अचानक सीट पर बेहोश हो गई। इसके बाद बस चालक-परिचालक व यात्रियों ने महिला को टौणी देवी अस्पताल पहुंचाया। गुरुवार देर शाम एचआरटीसी की बस हमीरपुर कक्कड़ वाया कालाअंब ककड़ियार आ रही थी। बस में सवार एक महिला अचानक बैठे-बैठे बेहोश हो गई। बस के चालक और परिचालक ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बेहोशी की हालत में महिला को टौणी देवी अस्पताल पहुंचाया। महिला के परिजनों को सूचित किया।