नौणी विवि ने चार जनवरी से लेकर अभी तक 1.50 लाख से अधिक फलदार पौधे बेचे हैं। इनमें सेब, कीवी, नाशपाती, आड़ू, खुमानी, प्लम, अखरोट समेत अन्य फलदार पौधे शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश के अलावा उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, जम्मू और कश्मीर आदि राज्यों के किसानों ने विश्वविद्यालय की विभिन्न नर्सरी से फलों के पौधे खरीदे हैं। इस वर्ष वार्षिक बिक्री पहले आओ और पहले पाओ के आधार पर नौणी विवि के मुख्य परिसर में स्थित फल विज्ञान विभाग, बीज विज्ञान विभाग और मॉडल फार्म, कृषि विज्ञान केंद्र सोलन, केवीके चंबा, केवीके रोहड़ू, आरएचआरटीएस मशोबरा, कुल्लू के बजौरा, किन्नौर के शारबो में स्थित क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्रों तथा उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी में शुरू हुई थी। केवीके चंबा और शारबो केंद्र में उपलब्ध सभी पौधे बिक चुके हैं। वहीं यूनिवर्सिटी के विभिन्न केंद्रों के बाकी पौधों की बिक्री आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी। विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर और क्षेत्रीय केंद्रों में अभी भी सेब और गुठलीदार फलों की कई किस्में उपलब्ध हैं।