जुन्गा (शिमला)। जुन्गा क्षेत्र के किसान की बेटी बबीता शर्मा केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में बतौर असिस्टेंट प्रोफेसर (समाज कार्य) के पद पर सेवाएं देंगी। पिछले साल नवंबर में बबीता ने केंद्रीय विश्वविद्यालय में इंटरव्यू दिया था जिसका परिणाम अब जारी हुआ है। इसमें बबीता का चयन बतौर असिस्टेंट प्रोफेसर हुआ है। बबीता ने कार्यभार भी संभाल लिया है। बबीता का जन्म जुन्गा से सटी भड़ेच पंचायत के गांव टीर में एक साधारण किसान परिवार में हुआ है। बबीता के पिता रमेश चंद शर्मा किसान हैं जबकि माता विद्यादेवी आंगनबाड़ी सहायिका हैं। बबीता ने आठवीं तक की शिक्षा अपने गांव के स्कूल भड़ेच में हासिल की। इसके बाद दसवीं कक्षा कोटी और 12वीं की पढ़ाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लक्कड़ बाजार शिमला से पास की। बबीता ने बीएससी राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला और समाज कार्य में मास्टर डिग्री प्रदेश विश्वविद्यालय से हासिल की है। यूजीसी, नेट और जेआरएफ की परीक्षा साल 2020 में पास की थी। संवाद