इंक्रेडिबल हिमाचल संस्था और प्रभात युवा विकास संगठन की ओर से सोमवार को कोहबाग में निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सेनेटेरियम अस्पताल के विशेषज्ञ डाक्टरों ने लोगों की आंखों की जांच की।
इस मौके पर लोगों के निशुल्क नेत्र संबंधी टेस्ट किए गए और दवाईयां भी बांटी गई। विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सक डा. गीतांजलि और डा. गौरव ने लोगों की जांच की।
संस्था के चेयरमैन हेमराज चौहान ने बताया कि शिविर में 25 लोगों को आंखों का ऑपरेशन करने के लिए पंजीकृत किया गया है।
इन मरीजों का सेनेटेरियम अस्पताल में इलाज होगा। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी संस्था की ओर से निशुल्क चिकित्सा जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे।