शिमला। राजधानी शिमला के ऐतिहासिक आइस स्केटिंग रिंक में बुधवार को शाम छह से साढ़े सात बजे तक डेढ़ घंटे का इस सीजन का पहला इवनिंग स्केटिंग सेशन आयोजित किया गया। इसमें 60 से अधिक स्केटर्स और क्लब के पदाधिकारियों ने जगमगाती रोशनी और संगीत की धुनों के बीच स्केटिंग की। स्केटिंग करने वालों में कम आयु के स्केटर्स की संख्या अधिक रही। अब तक इस सीजन के कुल आठ सेशन हो चुके हैं। इनमें सुबह के सात सेशन और शाम का अब तक एक सत्र शामिल है। शिमला आइस स्केटिंग क्लब के कोषाध्यक्ष और स्केटिंग कोच पंकज प्रभाकर ने बताया कि तीन दिन से रात को तापमान गिरने और मौसम साफ रहने से बर्फ की क्वालिटी अच्छी है जिससे अगले दो से तीन दिन तक स्केटिंग के सत्र जारी रहने की उम्मीद है।