हरोली विधानसभा क्षेत्र से पांचवीं बार विधायक चुने गए मुकेश अग्निहोत्री को उपमुख्यमंत्री पद मिलने से हरोलीवासियों में कोई खास उत्साह नजर नहीं आया। उनके समर्थक मुख्यमंत्री पद की आस लगाए बैठे थे, लेकिन शनिवार शाम उन्हें उपमुख्यमंत्री घोषित किया गया। हालांकि वह प्रदेश के पहले उपमुख्यमंत्री होंगे।मुकेश अग्निहोत्री के विधानसभा क्षेत्र हरोली में शनिवार शाम जश्न का माहौल नहीं दिखा। समर्थकों की मानें तो चुनाव में मुकेश अग्निहोत्री ने पसीना बहाया। उन्होंने प्रदेशभर में अन्य प्रत्याशियों के समर्थन में भी जनसभाएं की। पांच साल पहले उन्होंने भाजपा के सत्तासीन होने पर नेता प्रतिपक्ष की भूमिका पूरे दमखम के साथ निभाई।
हर मुद्दे पर निडर तरीके से भाजपा सरकार को घेरा। यही कारण रहा कि लोगों ने फिर से कांग्रेस को सत्ता में लाने का मन बनाया। ऐसे में वह मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार थे, लेकिन जब मुकेश को उनकी मेहनत लौटाने का समय आया तो उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी न देकर उपमुख्यमंत्री बना दिया गया। चुनाव के दौरान भी अग्निहोत्री सीएम फेस के रूप में नजर आए। हर जनसभा में सीएम के नारे लगते रहे। समर्थक और जनता उन्हें आने वाले सीएम के रूप में देख रही थी। उन्हें उपमुख्यमंत्री घोषित किए जाने से कार्यकर्ता खुशी की बजाय भड़ास निकालते हुए दिखे।
हरोली से नवनिर्वाचित विधायक मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी सीएम पद से नवाजा गया है। यह हरोली की जनता के लिए खुशी भरा पल है। देर शाम निर्णय का पता चलने पर जश्न नहीं मना पाए। शपथ समारोह में पहुंचकर कांग्रेसी जश्न मनाएंगे।-राणा रणजीत सिंह, अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी ऊना।