शिमला। पुलिस विभाग में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर सेवारत अधिकारी अमित ठाकुर ने अपनी बेटी को शहर के केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला पोर्टमोर में दाखिला दिलवाया है। इनके इस फैसले से निजी स्कूलों में अपने बच्चों को पढ़ाने की चल रही होड़ को कम करने का संदेश मिलेगा। अमित की बेटी ने पोर्टमोर केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला में पांचवीं कक्षा में प्रवेश लिया है। स्कूल छूटने के बाद वह स्कूल में उपलब्ध करवाई गई हॉबी कक्षाओं में डांस की क्लास भी लगाती है। ठाकुर का कहना है कि हमारे सरकारी स्कूल किसी भी कान्वेंट स्कूल से कम नहीं हैं। शिक्षा व्यवस्था को हर सरकारी स्कूल में बेहतर बनाने के लिए अभिभावकों का जागरूक होना जरूरी है। अमित ठाकुर ने बताया कि उनकी अपनी स्कूली शिक्षा भी सरकारी स्कूल में हुई है। जिला सिरमौर के सराहां और नाहन के सरकारी स्कूल से पढ़े अमित ठाकुर ने बताया कि पोर्टमोर स्कूल में हर तरह की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो कुछ निजी और कान्वेंट स्कूल भी नहीं दे पा रहे हैं। कंप्यूटर, स्मार्ट क्लास रूम, मिड डे मील की बेहतरीन व्यवस्थाच, डाइनिंग हॉल, सभागार जैसी हर सुविधा स्कूल में उपलब्ध हैं। स्कूल के केंद्रीय मुख्य शिक्षक संजीव जिस्टू ने बताया कि स्कूल में पुलिस अधिकारी के अपनी बेटी के दाखिला दिलवाने से आम अभिभावकों को भी सरकारी स्कूलों के पढ़ाई के स्तर और शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बढ़ेगा।