शिमला। वाहन दुर्घटना के मामले में अदालत ने आरोपी चालक सुरेश चौहान को नौ साल बाद सभी आरोपों से बरी कर दिया। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी ज्योति भागचंदानी की अदालत ने यह फैसला सुनाया। अभियोजन पक्ष के अनुसार मामला 25 मार्च 2017 की रात करीब 8:30 बजे का है। दिहाड़ी मजदूरी करने वाले कृष्णा ने ढली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह ढींगू मंदिर जाने वाली सड़क से थोड़ा आगे पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। इस दौरान एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी जिससे सिर में चोट लगने के कारण वह सड़क पर गिर गया। शिकायतकर्ता ने बताया था कि कार चालक ही उसे उपचार के लिए आईजीएमसी ले गया था। चक्कर आने के कारण वह न तो कार की पहचान कर सका और न ही उसका नंबर देख पाया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। संदेह का लाभ देते हुए अदालत ने आरोपी को सभी आरोपों से बरी करने के आदेश जारी किए। संवाद