शिमला। शहर के भट्ठाकुफर वार्ड के कई इलाकों में पेयजल संकट गहरा गया है। वार्ड के नेरीधार, गाहन और भट्ठाकुफर बाजार के आसपास वाले इलाकों में लोगों को पीने लायक पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। पार्षद नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि इस क्षेत्र के लिए चूरट पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति होती है। कई दिन से इलाके में जलसंकट चल रहा है। कंपनी रोज पानी देने के दावे कर रही है लेकिन इस वार्ड के हजारों लोगों को पांचवें दिन पेयजल आपूर्ति मिल रही है। इस बारे में कंपनी को कई बार शिकायत दे चुके हैं। पेयजल संकट के पीछे लो वोल्टेज का बहाना बनाया जा रहा है। पार्षद ने कहा कि सतलुज पेयजल योजना से आपूर्ति शुरू होने के बावजूद उनके वार्ड में पांचवें और छठे दिन पानी दिया जा रहा है। पेयजल कंपनी के एजीएम आदर्श भोटा ने कहा कि उनके पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। शहर में रोज पानी दिया जा रहा है। भट्ठाकुफर में भी नियमित आपूर्ति दी जा रही है। यदि कुछ दिन से ऐसी कोई समस्या आ रही है तो इसका पता किया जाएगा। ब्यूरो