सोलन में पेयजल संकट, पानी लेकर पहुंचा टैंकर। संवाद
छह दिन से ठप है पानी की सप्लाई, पीने के लिए भी बाजार से पानी खरीदने को मजबूर हुए शहरवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। ऐतिहासिक राष्ट्रीय स्तरीय मां शूलिनी मेले की धूम के बीच शहर में पानी का गंभीर संकट गहरा गया है। शहर के लगभग सभी वार्डों में पिछले छह से सात दिनों से पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि लोगों को पीने तक का पानी बाजार से मोटी रकम चुकाकर खरीदना पड़ रहा है। बाजार में अधिक रश होने के चलते पानी का टैंकर भी नहीं पहुंच पा रहा है। जानकारी के अनुसार इस समय शहर में प्रसिद्ध मां शूलिनी मेला चल रहा है, जिसके चलते स्थानीय लोगों के घरों में अन्य जिलों और बाहरी राज्यों से भारी संख्या में रिश्तेदार और मेहमान आए हुए हैं। घरों में मेहमानों की मौजूदगी के बीच पानी न आने से गृहणियों और परिवार के सदस्यों की मुश्किलें दोगुनी हो गई हैं। पानी की कमी के कारण लोग अपने मेहमानों का स्वागत सही ढंग से नहीं कर पा रहे हैं और दैनिक कार्यों के लिए भी तरस रहे हैं। शहर में पानी की सप्लाई का जिम्मा जल शक्ति विभाग और नगर निगम के कंधों पर है। मेले को लेकर दोनों ही विभागों की ओर से निर्बाध सेवाएं देने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे थे, लेकिन धरातल पर ये दावे पूरी तरह हवा हवाई साबित हुए हैं। छठे और सातवें दिन भी पानी न मिलने से जनता में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है।