शिमला। डेंटल कॉलेज के पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग की प्रशिक्षु छात्रा डॉ. नीतिका नरयाल सर्वश्रेष्ठ वैज्ञानिक ई-पोस्टर पुरस्कार से सम्मानित हुई हैं। यह सम्मान महर्षि मारकंडेश्वर दंत चिकित्सा महाविद्यालय मुल्लाना अंबाला हरियाणा की रजत जयंती समारोह में दिया गया। राजकीय दंत महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग की प्रशिक्षु छात्रा डॉ. नीतिका नरयाल ने शिमला शहर के सरकारी और निजी स्कूलों के 775 बच्चों पर शोध किया है। यह सभी 12 से 15 साल की उम्र के हैं। शोध में सामने आया कि जो बच्चे मीठे और चॉकलेट का अधिक सेवन करते हैं, उनमें कम मीठा खाने वाले बच्चों से 20 फीसदी अधिक दंत क्षय रोग पाया गया। इसी तरह जंक फूड का अधिक सेवन करने वाले बच्चों में भी दंत क्षय रोग 15 फीसदी अधिक पाया गया है। इस पुरस्कार को पाने का श्रेय डॉ. नीतिका नरयाल ने अध्यापक डॉ. विनय भारद्वाज, डॉ. शैली फोतेदार, डॉ. अरुण ठाकुर, डॉ. शैलेजा वशिष्ठ और अतुल सांख्यान को दिया है। कॉलेज प्राचार्य डॉ. आशु गुप्ता ने छात्रा की इस उपलब्धि पर बधाई दी है। संवाद