शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में उच्च शिक्षा से जुड़े आंकड़ों के संकलन और सांख्यिकीय कार्यों की जिम्मेदारी अब शिक्षा विभाग के सह आचार्य डॉ. चमन लाल संभालेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने डॉ. चमन लाल को अखिल भारतीय उच्चतर शिक्षा सर्वेक्षण (एआईएसएचई) और सांख्यिकी प्रकोष्ठ का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वह पर्यटन एवं आतिथ्य प्रबंधन संस्थान के प्रो. नितिन की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। विवि के सामान्य प्रशासन अनुभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। कुलपति ने डॉ. चमन लाल को अपने वर्तमान दायित्वों के अतिरिक्त यह जिम्मेदारी सौंपी है। वह अगले आदेश तक इस पद पर कार्य करेंगे। डॉ. चमन लाल की प्रमुख जिम्मेदारियों में एआईएसएचई के तहत विश्वविद्यालय से संबंधित शैक्षणिक और प्रशासनिक आंकड़ों का संकलन, सत्यापन और निर्धारित समय में रिपोर्ट प्रस्तुत करना शामिल होगा। इसमें विद्यार्थियों के नामांकन, शिक्षकों की संख्या, पाठ्यक्रमों, संस्थागत सुविधाओं और अन्य शैक्षणिक संसाधनों से संबंधित जानकारी जुटाना शामिल है। संवाद