शिमला। डीडीयू अस्पताल में डॉक्टरों की चार दिन से चल रही हर रोज ढाई घंटे की हड़ताल से मरीज परेशान हैं। डीडीयू अस्पताल में शुक्रवार को उपचार के लिए आए बुजुर्ग सुबह से लेकर दोपहर परेशान रहे। टुटू के हीरा सिंह (62), आनी के कमाली राम (70) और जुब्बल के धनदास (63) ने बताया कि वह सभी मरीज पेट दर्द, शुगर और आतं दर्द की शिकायत लेकर आए हैं। चार दिन से अस्पताल के चक्कर काट रहे हैं लेकिन समय पर उपचार नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि आज जितना भी समय लग जाए अब उपचार करवाकर ही घर लाैटेंगे। शहर के अलावा दूरदराज से कई किलोमीटर पैदल चलकर मरीज अस्पताल आते हैं लेकिन जब तक डॉक्टर ओपीडी में आते हैं, तब तक मरीजों के घर जाने के लिए बसों का समय हो जाता है, ऐसे में मरीजों को बिना उपचार करवाए ही लौटना पड़ रहा है।