गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर बैठक आयोतजित।
- फोटो : संवाद
सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में 26 जनवरी को जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ऐतिहासिक नाहन चौगान में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे। विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार भी गणतंत्र दिवस समारोह में शिरकत करेंगे। उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने शुक्रवार को नाहन में गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन की तैयारियों संबंधी समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। सुमित खिमटा ने कहा कि समारोह के मुख्य अतिथि कर्नल धनीराम शांडिल गणतंत्र दिवस के अवसर पर नाहन शहर स्थित शहीद स्मारक स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम व मातृभूमि की रक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले रणबांकुरों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके अलावा हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण करेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्य अतिथि ऐतिहासिक नाहन चौगान में ध्वजारोहण के साथ ही गणतंत्र दिवस समारोह का शुभारंभ होगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण करने के बाद आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली जाएगी। समारोह में पुलिस, गृह रक्षा, एनसीसी व एनएसएस, स्काउट एंड गाइड सहित छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। उपायुक्त ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।