शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रदेश के संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों के साथ बैठक की। बैठक में नीति के प्रावधानों को महाविद्यालयों में एकरूपता के साथ लागू करने, शैक्षणिक समन्वय बढ़ाने और प्रशासनिक विषयों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. बी. के. शिवराम ने की। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 उच्च शिक्षा व्यवस्था को अधिक लचीला और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बैठक में कॉमन अकादमिक कैलेंडर तैयार करने और उसे लागू करने को लेकर भी चर्चा हुई। परीक्षा नियंत्रक प्रो. एसएल कौशल ने परीक्षा संचालन, परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया और अन्य परीक्षा संबंधी मामलों पर प्राचार्यों की चिंताओं का समाधान किया। बैठक में अधिष्ठाता महाविद्यालय विकास परिषद प्रो. हरि मोहन, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. आरएल जिंटा, परीक्षा नियंत्रक प्रो. एसएल कौशल सहित प्रदेश के विभिन्न संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्य मौजूद रहे। संवाद