शिमला। राजकीय महाविद्यालय धामी के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवियों ने बुधवार को कॉलेज मार्ग पर बने गड्ढों को भरने के साथ महाविद्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान स्वयंसेवियों ने श्रमदान कर विद्यार्थियों और राहगीरों की सुविधा के लिए सराहनीय पहल की।कॉलेज प्रबंधन के अनुसार स्वयंसेवियों ने 16-मील से महाविद्यालय परिसर तक जाने वाले संपर्क मार्ग पर बने बड़े-बड़े गड्ढों को पत्थरों और मिट्टी से भरा। इससे मार्ग पर आवाजाही आसान होगी और विद्यार्थियों, राहगीरों तथा वाहन चालकों को आवागमन में हो रही असुविधा से राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त स्वयंसेवियों ने महाविद्यालय परिसर की भी सफाई की। यह कार्यक्रम एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस श्रमदान गतिविधि में हिमांशु शर्मा, युगल चौहान, हिमेश गौतम, भवानी ठाकुर, अंकित ठाकुर सहित अन्य स्वयंसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्राचार्य कंवर दिनेश सिंह ने स्वयंसेवियों के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी सामाजिक गतिविधियां युवा पीढ़ी में श्रम के प्रति निष्ठा पैदा करती हैं और उन्हें समाज व राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाती हैं। संवाद