यूजीसी विनियमों के समर्थन में एसएफआई का सेमिनार आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया शिमला जिला कमेटी ने चितकारा पार्क, कैथू में यूजीसी विनियम 2026 के समर्थन में सेमिनार आयोजित किया। कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी, शोधार्थी, अधिवक्ता और शिक्षाविद शामिल हुए। राज्य अध्यक्ष अनिल ठाकुर तथा हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के अधिवक्ता विश्वभूषण मुख्य वक्ता रहे। वक्ताओं ने उच्च शिक्षण संस्थानों में बढ़ते जातिगत भेदभाव पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हालिया यूजीसी विनियम समानता की दिशा में कदम हैं, लेकिन इन्हें प्रभावी और लोकतांत्रिक स्वरूप में लागू करना आवश्यक है। समान अवसर और एससी-एसटी प्रकोष्ठ को विश्वविद्यालय प्रशासन से स्वतंत्र बनाया जाए तथा इनमें चुने हुए प्रतिनिधियों को शामिल किया जाए। एसएफआई ने रोहित वेमुला के नाम पर रोहित एक्ट लागू करने, शिकायत निवारण तंत्र को मजबूत करने, दोषियों पर आपराधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने और राष्ट्रीय स्तर पर निगरानी आयोग गठित करने की मांग दोहराई। संगठन ने कहा कि समानता और सामाजिक न्याय के लिए उसका संघर्ष जारी रहेगा।