शिमला। गेयटी थियेटर के टेवरन हॉल में वीरवार को द परफेक्ट डेको कला प्रदर्शनी शुरू हुई। इसका शुभारंभ जेजे स्कूल ऑफ आर्ट्स, आर्किटेक्चर एंड डिजाइन के कुलपति प्रो. हिम चटर्जी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर किया। इसमें कैनवस पर फिगरेटिव ऑयल वर्क लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बन रहा है। इसमें मुख्य रूप से इंसान की तस्वीर, शरीर की मुद्रा, जानवर और रोजमर्रा के दृश्य दर्शाए गए हैं। इन चित्रों को ऑयल रंगों से बनाकर तैयार किया है। प्रदर्शनी में सबसे मंहगा चित्र भी फिगरेटिव ऑयल वर्क का है जिसका मूल्य 1 लाख 25 हजार रुपये रखा है। इसे हैदराबाद के चित्रकार ज्ञानेश्वर राव द्वारा बनाकर तैयार किया। संचालक मंयक व्यास ने बताया कि यह प्रदर्शनी 18 अप्रैल तक चलेगी। प्रदर्शनी में नोएडा से अल्का सिंह, नई दिल्ली से अल्फी कुमार, चंडीगढ़ से अंजू सिंह, कोलकाता से धीमान भट्टाचार्जी, बंगलूरू से हेमाक्षी शाह, इंदौर से निकिता बैंस, सतारा से अमोल टी इंगवाले, हैदराबाद से रामकृष्ण पेरी, कोट्टायम से साबुमन एमएस, बड़ौदा शालिनी पटेल, सोनीपत से सोनिका वार्ष्णेय और लुधियाना से वरुण खुराना के बनाए चित्र प्रदर्शित किए हैं। संवाद