शिमला। डीडीयू अस्पताल से रेफर किए मरीज अब केएनएच और आईजीएमसी आसानी से पहुंच सकेंगे। अस्पताल को हाल ही में एक नई रोगी परिवहन एंबुलेंस (पेशेंट ट्रांसपोर्ट एंबुलेंस) मिली है। इस एंबुलेंस के आने के बाद आपात स्थिति में रेफर किए मरीजों को राहत मिली है। सरकार की ओर से पंद्रह साल पूरे करने के बाद गाड़ियों को चलाने की मनाही की है। इसके बाद से अस्पताल में भी दिक्कतें पेश आने लग गई थीं। आपात स्थिति में डीडीयू से महिलाओं को डिलीवरी के लिए केएनएच रेफर किया जाता था तो ऐसे में मरीजों के तीमारदारों को निजी एंबुलेंस की ओर रुख करना पड़ता था। यही स्थिति आईजीएमसी के लिए भी होती थी जिस वजह से मरीजों को दो सौ से तीन सौ रुपये खर्च करने पड़ते थे लेकिन अब मरीजों को राहत मिली है। प्रबंधन का दावा है कि रेफर मरीजों को मुफ्त में इसकी सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लोकेंद्र शर्मा ने बताया कि अस्पताल के लिए बीवीपी की ओर से नई एंबुलेंस दान की गई है।