भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डेजी ठाकुर
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डेजी ठाकुर ने कहा कि महिला आयोग की मौजूदा अध्यक्ष विद्या नेगी एक सांविधानिक पद पर बैठी हैं। इस पद से संवेदनशीलता, निष्पक्षता और गरिमा की अपेक्षा होती है, वह वर्तमान अध्यक्ष के आचरण में पूरी तरह नदारद है। ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला में एक बेटी की मौत, जिसका कारण रैगिंग बताया जा रहा है, पूरे प्रदेश और देश के लिए गहरा आघात है। ऐसे संवेदनशील और पीड़ादायक मामले में राजनीति करना न केवल अमानवीय है, बल्कि महिला आयोग जैसे सांविधानिक संस्थान की आत्मा पर भी प्रहार है। जहां एक ओर पूरा समाज पीड़िता और उसके परिवार के दुख में सहभागी है, वहीं दूसरी ओर महिला आयोग की अध्यक्ष इस दुख को भी राजनीतिक लाभ के लिए भुनाने में लगी हुई हैं। डेजी ठाकुर ने विशेष तौर पर ऑल इंडिया महिला कांग्रेस के एक्स अकाउंट से साझा की गई उस फोटो पर सवाल उठाए, जिसमें पीड़िता के परिवार से मिलने का दावा किया गया है। उन्होंने कहा इस फोटो को झूठा और भ्रामक बताया जा रहा है, जो अत्यंत गंभीर विषय है। यदि वास्तव में संवेदना होती, तो पहले पीड़ित परिवार से मिलकर उनका दुख साझा किया जाता, न कि सोशल मीडिया पर जल्दबाजी में फोटो डालकर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की जाती। उन्होंने कहा कि महिला आयोग कोई राजनीतिक अखाड़ा नहीं है।