पंचामृत अभिषेक और हरिनाम संकीर्तन का आयोजन
शिमला। बीसीएस स्थित इस्कॉन शिमला केंद्र में रविवार को राधाष्टमी महामहोत्सव मनाया गया। राधा का विशेष अभिषेक, हरिनाम संकीर्तन और महाप्रसाद वितरण सहित कई कार्यक्रम हुए। भक्तों ने राधारानी के आविर्भाव का उत्सव मनाया। महोत्सव का शुभारंभ पूर्वाह्न 11:00 बजे हरिनाम संकीर्तन से हुआ। दोपहर 12:30 बजे राधा गोपीनाथ के श्रीविग्रहों का महाभिषेक शुरू हुआ। माधव वल्लभ प्रभु की अध्यक्षता में भक्तों ने दूध, दही, घी, शहद और शर्करा से पंचामृत अभिषेक किया। इस दौरान श्री राधा कृपा कटाक्ष स्रोत का गान किया गया। इस अवसर पर दिव्य सखी देवी दासी ने ब्रह्म संहिता का पाठ किया। इस्कॉन शिमला के अध्यक्ष आनंद प्रभु ने राधा रानी की महिमा पर कथा सुनाई। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण और राधा रानी अभिन्न हैं। राधा रानी भगवान श्रीकृष्ण की अंतरंगा आनंदमयी शक्ति हैं। वह उनकी प्रसन्नता तथा दिव्य लीलाओं के लिए प्रकट होती हैं। महोत्सव में नृत्य की प्रस्तुति दी गई। इनमें पूजा, दिव्य सखी, दीपशिखा और महिमा शामिल रहीं। इसके बाद भक्तों ने राधा गोपीनाथ के दर्शन किए। कार्यक्रम का समापन महाआरती और महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ। संवाद