शिमला। राजधानी में मंगलवार रात से लगातार जारी बारिश ने शिमला की ठंड बढ़ गई है। शहर में हुई बारिश और ऊपरी इलाकों में ताजा हिमपात के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कुफरी, नारकंडा सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बुधवार को बर्फ की सफेद चादर बिछने से पूरा क्षेत्र ठंडी हवाओं की चपेट में आ गया। पर्यटकों के लिए यह मौसम आकर्षण का केंद्र बन गया है। बर्फबारी की सूचना मिलते ही पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से बुधवार को सैकड़ों सैलानी कुफरी में बर्फ देखने के लिए पहुंचे। इस दौरान सैलानियों ने बर्फ के बीच में खूब मस्ती की और फोटो खिंचवाए। वहीं शिमला शहर में बारिश का दौर जारी रहा। मध्य प्रदेश से शिमला अपने परिवार के साथ घूमने पहुंचे रंजन कुमार और श्वेता ने बताया कि उन्हें शिमला का मौसम बहुत पसंद आया। रिज पर भी बर्फबारी होती तो मजा दोगुना हो जाता।