शिमला। महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सरकारी छुट्टी होने के बावजूद इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) के आपातकालीन कक्ष में मरीजों की भीड़ लगी रही। छुट्टी की जानकारी न होने से कई मरीज सुबह ही ओपीडी पहुंच गए। वहां पहुंचने पर उन्हें सोमवार को सरकारी छुट्टी होने का पता चला। इसके बाद मरीजों ने आपातकालीन कक्ष का रुख किया। वहीं आपातकालीन स्थिति में अन्य अस्पतालों से रेफर होकर आए मरीजों की भी जांच की गई। मरीजों की संख्या बढ़ने से पंजीकरण काउंटर पर कतारें लग गईं और आपातकालीन कक्ष में मरीजों का दबाव बढ़ गया। पंजीकरण काउंटर पर मरीजों की पर्चियां बनाई गईं, जिसके बाद चिकित्सकों ने उनकी जांच कर उपचार दिया। मरीजों को जांच करवाने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। ब्यूरो