शिमला। सुन्नी अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित होगा। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को सुन्नी में अस्पताल परिसर में क्रिटिकल केयर यूनिट के लिए प्रस्तावित स्थान का निरीक्षण किया। क्रिटिकल केयर यूनिट केंद्र सरकार की पीएम आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत बनाया जाना प्रस्तावित है। यहां 50 बेड की व्यवस्था होगी। इसके लिए मौजूदा भवन को केवल उतना ही तोड़ा जाए जितनी आवश्यकता है। साथ ही औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर मामला नेशनल हेल्थ मिशन को भेजा जाएगा। क्रिटिकल केयर यूनिट पर करीब 18.83 करोड़ रुपये अनुमानित लागत आएगी। इसमें से 13.09 करोड़ रुपये आधारभूत ढांचे के निर्माण पर खर्च होंगे। अन्य खर्च मशीनरी और उपकरणों पर आएगा। क्रिटिकल केयर यूनिट दोमंजिला भवन में स्थापित होगा। धरातल मंजिल में 5 इमरजेंसी बेड, मेटरनल एंड चाइल्ड हेल्थ के 2 बेड और 2 आइसोलेट रूम होंगे। पहली मंजिल पर 2 डायलिसिस बेड और 24 आइसोलेटेड बेड की सुविधा होगी। दूसरी मंजिल पर हाई डिस्पेंसरी यूनिट 6 बेड और 10 आईसीयू बेड होंगे।अस्पताल में रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों के आवासों के मरम्मत के भी निर्देश दिए। विक्रमादित्य सिंह ने सुन्नी अस्पताल की रोगी कल्याण समिति को राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन की ओर से एक लाख रुपये का चेक दिया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी यशपाल रांटा, खंड चिकित्सा अधिकारी मुकेश जायसवाल सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।