हिमाचल प्रदेश की कुल्लू पुलिस सिंथेटिक ड्रग्स की तस्करी करने वालों पर सख्त हो गई है। सोमवार को पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद मंगलवार को भी पुलिस ने 69 ग्राम चिट्टे के साथ हरियाणा के गुरुग्राम के दो युवकों को पकड़ा है। इनमें से एक भारतीय सेना में जवान हैं। यह दोनों हरियाणा से चिट्टे को यहां बेचने लाए थे। पुलिस ने मौहल में उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की ऑल्टो कार को भी जब्त किया है। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने 52 ग्राम चिट्टा पकड़ने के मामले में आगामी छानबीन शुरू की तो इसकी सप्लाई करने वाले दो लोगों की पहचान की।
इनकी रैकी कर पुलिस ने मौहल में उन्हें पकड़ लिया। इनकी पहचान संदीप कुमार राठी (27), निवासी शेखूपुर माजरी, डाकघर सिवारी, तहसील फारुख नगर (गुरुग्राम हरियाणा) और हेमंत (27) निवासी गुड़गांव, हरियाणा के रूप में हुई है। इनके कब्जे से पुलिस ने 69 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस की छानबीन में पाया गया कि एक आरोपी संदीप कुमार राठी भारतीय सेना में जवान हैं। ये दोनों ऑल्टो कार नंबर एचआर 76ई-4587 में कुल्लू में चिट्टे की सप्लाई करने आए हुए थे। एसपी गौरव सिंह ने कहा कि रामशिला के समीप छरूडूनाला में पकड़े गए युवक और युवती से चिट्टे की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस इन दोनों सप्लायरों तक पहुंची। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।