लोअर खलीनी में एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। युवक की पहचान वीरेंद्र कुमार के तौर पर हुई है। वीरेंद्र कुमार 21 साल का था और सांध्य महाविद्यालय में एमकॉम कर रहा था। यह टोरलू कुफ्टू दरभोग का रहने वाला बताया जा रहा है।
मौके पर पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मौके पर मिली कॉपियों को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी अस्पताल भेज दिया गया है। आत्महत्या के कारणों का साफ पता नहीं चल पाया है।
पुलिस के मुताबिक युवक के परिजन शनिवार से लेकर उसके मोबाइल पर कॉल कर रहे थे लेकिन वह मोबाइल नहीं उठा रहा था। उसका रूम मेट मंडी गया हुआ था। उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ और रविवार को एक परिचित को उसके कमरे में देखने के लिए भेजा।
जब उक्त व्यक्ति वहां पहुंचा तो उसने देखा कि वीरेंद्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस को शाम करीब पांच बजे सूचना मिली। एसपी शिमला डीडब्ल्यू नेगी ने कहा कि आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है। इस संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी छानबीन अमल में लाई जा रही है।