हिमाचल विवि में हिंसा के बाद सोमवार को एक बार फिर बालूगंज चौक पर छात्र गुट भिड़ गए। हमले में एक गुट के चार कार्यकर्ता घायल हुए हैं। एसएफआई का आरोप है कि एबीवीपी ने उनके कार्यकर्ताओं पर तेजधार हथियारों से हमला किया।
दरअसल, रविवार को हुई हिंसा के बाद सोमवार सुबह पुलिस एसएफआई और एबीवीपी के लगभग 25 कार्यकर्ताओं पूछताछ के लिए थाने लाई थी। दोपहर बाद जैसे ही उन्हें छोड़ा तो बालूगंज चौक पर फिर भिड़ गए।
घायल कार्यकर्ताओं को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। हमले के बाद पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए एसएफआई कार्यकर्ताओं ने बालूगंज थाने का घेराव किया और एबीवीपी कार्यकर्ताओं को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग उठाई।
घायल कार्यकर्ताओं में रणजीत सिंह, श्याम, मुकेश कुमार, पंकज वर्मा शामिल है। बताया जा रहा है कि इससे पहले एबीवीपी और आरएसएस से जुड़े कार्यकर्ताओं के कैंपस में घुसने को लेकर भी मामला गरमाया।