शिमला के साथ लगते जुब्ब्ल में अपने दो मासूम बच्चों और पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी मौके से तो फरार हो गया लेकिन यह ज्यादा दूर नहीं भाग पाया।
पुलिस के अनुसार आरोपी सोमवार देर रात के बाद गांव से फरार चल रहा था। भागता हुआ यह पूरी रात साथ लगते जंगल में छिपा रहा। मंगलवार को भी यह रोहड़ू से भागने की तैयारी में था।
बताया जा रहा है कि इसने फिर शराब पी ली। इसके बाद यह रोहड़ू बसस्टैंड पहुंचा।
शराब के नशे में कबूल किया गुनाह
पुलिस के अनुसार आरोपी देर रात तक यहीं बसअड्डे पर घूमता रहा। यहां गश्त कर रहे होमगार्ड के जवानों की नजर इस पर पड़ गई। मगर इन जवानों को यह मालूम नहीं था कि यही हत्यारा है।
पूछताछ की तो इसकी हालत संदिग्ध लगी। जवानों ने थोड़ी सख्ती दिखाई और पूछा कि आखिर उसे जाना कहां है। वहीं, नशे में धुत आरोपी ने अपने आप हत्या की बात इन जवानों को बता दी।
इसने बताया कि वह गांव में अपनी पत्नी और बेटों की हत्या कर आया है। होमगार्ड जवान सकते में आ गए। इन्होंने इसे हिरासत में लिया और थाने ले गए।
पूछताछ करने में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तिहरे हत्याकांड का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जल्द ही हत्या के कारणों का भी पता लगाया जाएगा। इसके लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह मानसिक तौर पर भी परेशान लग रहा है। फिलहाल जांच चल रही है।