राजधानी की फल मंडी भट्ठाकुफर में पुलिस कर्मी और एक अन्य व्यक्ति ने मजदूरों पर दबंगई दिखाई। मामला उस वक्त हुआ, जब मजदूर ट्रक लोड कर रहे थे। पुलिस कर्मी ने ट्रक मंडी में जाने से रोक दिया। इस पर उससे आग्रह किया तो उसने गाली गलौज किया। मजदूर हेमराज, रवि और जय सिंह के साथ मारपीट की गई।
करीब आधा घंटा तक हाथापाई हुई। मारपीट के बाद मजदूरों ने हड़ताल कर दी। किसी भी ट्रक को लोड नहीं किया। उधर आरोपी कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। खबर की पुष्टि एससी सौम्या सांबशिवन ने की। जानकारी के अनुसार पुलिस कर्मी ने मंडी में ट्रक जाने नहीं दिया। इस पर मजदूरों ने आग्रह किया तो उक्त पुलिस कर्मी ने मारपीट शुरू कर दी।
जब बचाव के लिए सभी मजदूर आए तो उक्त पुलिस कर्मी और एक अन्य व्यक्ति मौके से भाग गया। मजदूरों ने बताया कि एक अन्य व्यक्ति भी पुलिस कर्मचारी था जो बिना वर्दी में था। मारपीट के बाद मंडी के मजदूरों ने हड़ताल कर दी। किसी भी गाड़ी को लोड नहीं किया। सोमवार को बाहरी राज्यों के लिए सेब देरी से गया।
कार्रवाई की मांग
मजदूरों हेमराज, रवि कुमार और जय सिंह ने कहा कि उन्हे बेवजह पीटा है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मांग की कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। कहा कि कार्रवाई न की गई तो मंडी में कामकाज ठप रखेंगे।