हिमाचल जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में लिए कोल्ड बेस्ट पीसी सिरप के सैंपल फेल होने से कंपनी प्रबंधन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कालाअंब थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद कंपनी के संचालक भूमिगत हो गए हैं। पुलिस विभाग की टीम ने संचालकों के ठिकाने पर दबिश दी। उनके मोबाइल भी स्विच ऑफ चल रहे हैं। पुलिस विभाग ने तहकीकात के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है।
डीएसपी हेडक्वार्टर परमदेव टीम का नेतृत्व करेंगे। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में चल रही मैसर्ज डिजिटल विजन कंपनी की कोल्ड बेस्ट पीसी सिरप के सैंपल फेल होने के बाद राज्य दवा नियंत्रक विभाग ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करवाया था। कंपनी के तीन संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद तीनों भूमिगत हो गए हैं।
उधर, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में लिए सैंपलों में डाईथिलेन ग्लाइकोल की मात्रा 34 फीसदी से अधिक पाई गई है, जबकि हिमाचल के दवा नियंत्रक विभाग द्वारा फैक्टरी से लिए सैंपलों की रिपोर्ट आनी बाकी है। आरोप है कि इस दवा के इस्तेमाल से जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के रामनगर इलाके के 12 बच्चों की मौत हो गई थी।
कंपनी के तीनों संचालक भूमिगत हो गए हैं। उनके फोन भी बंद चल रहे हैं। उन्हें ट्रेस किया जा रहा है। डीएसपी हेडक्वार्टर परमदेव की अगुवाई में एसआईटी का गठन किया गया है।
-अजय कृष्ण शर्मा, एसपी सिरमौर