पच्छाद विधानसभा उपचुनाव में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में सिरमौर में पहली एफआईआर दर्ज हुई है। सरकारी संपत्ति में झंडे और बैनर लगाने पर निर्वाचन विभाग के आदेश पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
हालांकि पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। गौरतलब है कि पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के मल्होग, दयोथल, ल्वासा चौकी, सरसू और डिलमन में सरकारी संपत्ति पर भाजपा के पोस्टर और झंडे लगे हुए पाए गए।
निर्वाचन विभाग को इसकी शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद मामला सही पाया गया तो झंडे और पोस्टर वहां से हटा दिए गए। डीएसपी राजगढ़ भीष्म ठाकुर ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।