कांगड़ा जिले के थाना इंदौरा के तहत ठाकुरद्वारा गांव में पुलिस की टीम ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर एक घर में छापेमारी कर नशे की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने मौके पर नकदी सहित एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
थाना प्रभारी इंदौरा सुरिंदर सिंह धीमान ने बताया कि वह देर शाम ठाकुरद्वारा- मिलवां रोड पर रूटीन गस्त पर थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि टांडा मोड़ पर एक व्यक्ति अपने ही घर में नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहा है।
पुलिस ने सूचना के आधार पर बताए गए घर में दबिश दी और घर में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान मकान की छत पर प्लास्टिक के लिफाफे में रखी गई 45.38 ग्राम चिट्टा,12.08 ग्राम चरस ,25.31 ग्राम अफीम बरामद की। आरोपी से मौके पर 13 हजार 500 रुपए नकदी और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किया है ।
आरोपी की पहचान देव राज पुत्र बुट्टा राम निवासी ठाकुरद्वारा टांडा मोड़ के रूप में हुई है। डीएसपी नूरपुर साहिल अरोड़ा ने भारी मात्रा में नशे की खेप पकड़े जाने और मामला दर्ज होने की पुष्टि की है।