फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

करोड़ों के बीमा क्लेम के लिए मजदूर की हत्या कर रचा खुद की मौत का षड्यंत्र

Wed, 03 Jul 2019 10:30 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पांवटा साहिब (सिरमौर)
विज्ञापन
विज्ञापन

अपराध की कहानी फिल्मी लगती है, लेकिन करोड़ों के बीमा क्लेम के लिए शातिर ने अपनी ही मौत का षड्यंत्र रच दिया। अज्ञात मजदूर की हत्या कर उसे सिरमौर के डांडा पागर क्षेत्र में अपने वाहन समेत खाई में धकेल दिया।

विज्ञापन


पुलिस को शुरू से मामले में हत्या की आशंका थी। वह आरोपी की तलाश कर रही थी। पुलिस के मुताबिक शातिर आरोपी किशन कुमार निवासी हिसार (हरियाणा) दिल्ली में ट्रक चालक था। उसने करीब साढ़े तीन करोड़ का बीमा क्लेम हड़पने की साजिश रची।

आरोपी ने टीवी के क्राइम सीरियल देखकर षड्यंत्र रचा। पांवटा के डांडा पागर के समीप खाई में कार सहित शव बरामद हुआ था। इसमें कई ऐसे सुराग पुलिस को लगे, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। मामला सुलझाना इतना आसान नहीं था। पुलिस जांच टीम ने दुर्घटना या सुनियोजित हत्या मामले की जांच शुरू की। 

विज्ञापन

पुलिस ने ऐसे सुलझाई मर्डर मिस्ट्री

सड़क पर पड़े खून के सैंपल फोरेंसिक टीम ने लिए। वारदात वाली रात को आसपास मोबाइल लोकेशन की डिटेल भी ली गई। सभी सबूत हत्या की तरफ इशारा कर रहे थे। पुलिस ने करीब चार माह बाद इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाया।

आरोपी अपनी लोकेशन बदलता रहता था। आखिरकार पांवटा पुलिस ने आरोपी को दिल्ली में धर दबोचा। इसके बाद बेहद खौफनाक फिल्मी स्टाइल में लिखी स्क्रिप्ट का खुलासा हुआ। आरोपी किशन कुमार ने शुरुआती जांच में सारे राज खोल दिए।

आरोपी के अनुसार करोड़ों का बीमा क्लेम हड़पने को यह साजिश रची थी। इसके लिए एक शराबी मजदूर को साथ लिया। इसकी हत्या कर पहचान न हो पाने को चेहरा केमिकल से बिगाड़ दिया।

इससे लगे कि मृतक किशन कुमार ही है। पहले मजदूर को मौत के घाट उतारा, फिर शव को पांवटा के डांडा पागर के समीप खाई में कार के साथ धकेल दिया। आरोपी ने अपना खून भी घटनास्थल पर बिखेर दिया, ताकि पूरा मामला दुर्घटना का लगे।
विज्ञापन

उधर, डीएसपी पांवटा सोमदत ने कहा कि एसपी अजय कृष्ण शर्मा के दिशा निर्देशानुसार जांच आगे बढ़ाई। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया था। आरोपी लोकेशन को बदलता रहता था। अलग-अलग जगहों छिपता भी रहा। जांच टीम ने आरोपी को दिल्ली से दबोच लिया।

शातिर किशन कुमार दिल्ली में चालक था। फिलहाल मृतक मजदूर की शिनाख्त नहीं हो सकी है। डीएसपी पांवटा सोमदत्त ने कहा कि आरोपी किशन कुमार को अदालत में पेश किया गया। यहां से उसे 8 जुलाई 2019 तक पुलिस रिमांड मिली है। 

गौरतलब है कि इससे पहले 27 फरवरी 2019 को भी नाहन-पांवटा मार्ग पर एक जली हुई गाड़ी मिली थी। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। बाद में पता चला कि हरियाणा के एक व्यक्ति ने अपने ही साथी मजदूर की हत्या कर दी थी। वह मामला भी बीमा क्लेम हड़पने को लेकर हत्या से जुड़ा था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें